कोपागंज। शारदा सहायक खण्ड 32 की लिंक नहरों की सफाई में लापरवाही बरतने के विरोध में जिला पंचायत सदस्य जितेन्द्र कुमार गोयल के नेतृत्व में किसानों ने शनिवार को विरोध प्रदर्शन किया। नाराज किसानों ने सिल्ट की सफाई में लापरवाही व सरकारी धन के दुरुपयोग के जांच कराने की मांग मुख्य विकास अधिकारी से किया।
जिला पंचायत सदस्य जितेन्द्र कुमार गोयल ने कहा कि शारदा सहायक खण्ड 32 की लिंक नहर इन्दारा राजवाहा एवं इन्दारा राजवाहा से जुड़ी अन्य माइनरों की सिल्ट सफाई का कार्य जेसीबी से कराया जा रहा है।सिल्ट सफाई के बाद जो मिट्टी नहर से निकल रही है उसे नहर के अंदर ही बंधे पर रख दिया जा रहा है। यदि बारिश हो जाय तो सारी मिट्टी बह कर फिर नहर में चली जाएगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि एक तरफ नहरों की मरम्मत नहीं हो रही है। कहा कि पक्की माइनरों की सफाई मजदूरों से करानी चाहिए लेकिन सिंचाई विभाग जेसीबी से करा रहा है जिससे पक्की माइनरों में लगी ईंटें उखड़कर बाहर आ जा रही हैं जिससे माइनर के बंधे कमजोर हो जा रहे हैं। सूचना देने के बाद भी विभागीय अधिकारी चुप्पी साधे हुए हैं तथा सरकारी धन का दुरुपयोग होते देख रहे हैं। प्रदर्शन में जिला पंचायत सदस्य जितेन्द्र कुमार गोयल के साथ प्रताप कुमार,साजन कुमार, जगदीश यादव, खरभान, दसवंत, प्रकाश, सरवन, बबलू, शैलेन्द्र कुमार सहित कई किसान मौजूद रहे।