मधुबन थाना पुलिस द्वारा पकड़े गए लूटकांड में शामिल अभियुक्त।संवाद
- फोटो : MAU
मधुबन। स्थानीय थाने की पुलिस को 22 दिन बाद बड़ी सफलता हाथ लगी। उसने दंपती लूटकांड के तीनों आरोपियों को मंगलवार को बदनपुर नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार किया। उनके पास से लूटी नकदी तथा सोने के आभूषण बरामद हुए। पुलिस ने तीनों पर मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया। एसओ सौरभ राय ने बताया कि उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि 22 दिन पहले खैरानासिर गांव के पास दंपती से लूट के आरोपी कहीं भागने की फिराक में पुलिया से गुजरने वाले है। सूचना मिलने पहुंची पुलिस ने घेराबंदी कर दी। कुछ देर बाद एक बाइक पर आते तीन लोगों को देखकर पुलिस ने उन्हें रोकने का इशारा किया। जिस पर भागने लगे।, पुलिस ने कुछ दूरी तक पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। उनकी पहचान गुल्लु नट निवासी जमालपुर थाना हलधरपुर, हिसामुद्दीन नट निवासी सैदपुर थाना खेजुरी जनपद बलिया और मुन्ना नट निवासी टिटिया किडिहरापुर थाना भीमपुरा जनपद बलिया के रूप में हुई। पुलिस ने इनके पास से लूट के 61 हजार 450 रुपये के साथ सोने का लॉकेट, बाइक, मोबाइल बरामद किया। बताते चले कि मधुबन थाना क्षेत्र के भटौली निवासी परमहंस गाजीपुर जिले के कासिमाबाद तहसील से एक जमीन रजिस्ट्री कराने के लिए अपनी पत्नी सुनीता तथा रिश्तेदार उदयभान के साथ वापस अपने घर लौट रहा था। खैरानासिर के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने सुनीता के गले से मंगल सूत्र, बैग तथा मोबाइल के साथ दो लाख रुपया से भरा थैला छीनकर फरार हो गए थे।