जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र 17 सितंबर से दो अक्तूबर तक चलने वाले स्वच्छता ही सेवा 2024 अभियान के अवसर पर नगर पालिका परिषद कम्युनिटी हॉल में आयोजित कार्यशाला का शुभारंभ किया।
उन्होंने कहा कि आप सभी के सहयोग से संचारी रोग नियंत्रण अभियान के दौरान जनपद ने अच्छी सफलता हासिल की, इसके कारण वेक्टर जनित रोगों पर विजय प्राप्त करने में जिले को सफलता प्राप्त हुई। स्वच्छता अभियानों के दौरान बाल मृत्यु दर में भी काफी कमी आई। इन अभियानों से स्वास्थ्य पर भी अनुकूल प्रभाव पड़ता है। इसके अलावा समय-समय पर चलने वाले स्वच्छता अभियानों का दूरगामी प्रभाव भी पड़ता है, इससे निम्न मध्यम वर्गीय लोग ज्यादा प्रभावित होते हैं। उन्होंने वार्ड मेंबर्स से भी लोगों को इस अभियान के दौरान स्वच्छता के प्रति जागरूक करने को कहा, जिससे घर के बाहर के साथ ही घर के अंदर भी लोग विशेष साफ-सफाई पर ध्यान दें एवं बीमारियों से बचें।
अपर जिलाधिकारी सत्यप्रिय सिंह ने पिछले एक दशक से संचालित स्वच्छता अभियानों को स्वच्छता को सुदृढ़ करने में सहायक बताया। स्वच्छता पखवाड़ा 17 सितंबर से दो अक्तूबर तक संचालित होगा। इसके अलावा 26 सितंबर से 2 अक्तूबर तक 155 घंटे का महासफाई अभियान चलेगा। नगर पालिका परिषद अध्यक्ष अरशद जमाल ने भी स्वच्छता अभियानों पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए कहा कि आजादी के बाद पहली ऐसी सरकार है, जिसने सफाई को अपने एजेंडा में शामिल किया है।
डीएम, पालिकाध्यक्ष ने झाड़ू लगाकर दिया स्वच्छता का संदेश
कम्युनिटी हॉल में हुई कार्यशाला में जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र ने वहां पर स्वच्छता अभियान से जुड़े वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना भी किया। इसके बाद जिलाधिकारी ने झील महल तालाब के पास पौधरोपण भी किया। साथ ही आसपास के स्थलों एवं झील महल के घाटों पर झाड़ू लगाकर लोगों को स्वच्छता से रहने का संदेश दिया। नगर पालिकाध्यक्ष अरशद जमाल ने भी स्वयं झाड़ू लगाकर लोगों को सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी न फैलाने का संदेश दिया। इस दौरान अपर जिला अधिकारी सत्यप्रिय सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट बृजेंद्र कुमार, जिला विकास अधिकारी उमेश चंद तिवारी, अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार आदि शामिल रहे।