मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक के अलाउद्दीनपुर ग्राम पंचायत में डिजिटल लाइब्रेरी का लोकार्पण करतीं ग
मुहम्मदाबाद गोहना। मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना वर्ष 2025-26 के तहत मुहम्मदाबाद गोहना विकास खंड के अलाउद्दीनपुर ग्राम पंचायत में ग्रामीण बच्चों के लिए बड़ी सौगात मिली है। गांव के डॉ. अंबेडकर पार्क रसूलपुर में डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम डिजिटल लाइब्रेरी का रविवार की शाम भव्य उद्घाटन हुआ। इस लाइब्रेरी के निर्माण पर 9.79 लाख रुपये की लागत आई है। लाइब्रेरी का लोकार्पण ग्राम प्रधान शमा परवीन पत्नी मु. मन्नान के कर-कमलों एवं पूर्व विधायक दिवंगत का. तपेश्वर राम की पत्नी कुसुमदेई की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। फीता काटते ही गुब्बारों और फूल मालाओं से सजा लाइब्रेरी भवन तालियों से गूंज उठा। गांव में विकास कार्यों के चलते उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा सम्मानित एवं पुरस्कृत महिला ग्राम प्रधान शमा परवीन ने बताया कि इस डिजिटल लाइब्रेरी से अब अलाउद्दीनपुर और आसपास के गांवों के बच्चों को शहरों जैसी डिजिटल पढ़ाई की सुविधा गांव में ही मिलेगी। यहां कंप्यूटर, इंटरनेट, प्रतियोगी परीक्षाओं की किताबें, शांत माहौल और ई-लर्निंग की व्यवस्था की गई है। कहा कि सरकार के प्रोत्साहन से गांव की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मौका मिलेगा। अब ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को भी डिजिटल दुनिया से जुड़कर अपने सपने पूरे करने में आसानी होगी। इस अवसर खंड विकास अधिकारी अरुण वर्मा, सहायक विकास अधिकारी आदित्य सिंह, सचिव प्रसन्नाकांत पाठक, शमीम सादिर, महेंद्र कीर्ति आदि मौजूद रहे।