दुबारी -मधुबन मार्ग पर जल निगम की पाइप लाइन फटने के कारण फैला पानी।संवाद
- फोटो : MAU
दुबारी। स्थानीय ग्राम पंचायत में स्थित पानी टंकी से तीन महीने बाद सप्लाई चालू की गई लेकिन जलापूर्ति वाली मुख्य पाइप फिर से फट गई। फटी पाइप की मरम्मत तो नहीं कराई गई लेकिन जल निगम ने पिछले तीन दिनों से पानी की सप्लाई ही बंद कर दिया है। मधुबन परसिया मार्ग पर मटियरा पुरवा के पास पाइप फटने से पानी फैलने के कारण आवागमन में परेशानी हो रही है। पानी बहने से सड़क टूट रही है। साथ ही पानी पीने को उपभोक्ता मजबूर हो रहे हैं। इसके साथ ही पाइप फटने से प्रतिदिन लाखों लीटर पानी बरबाद हो रहा है। इसके साथ ही पानी की सप्लाई में प्रेशर कमजोर हो रहा है। जिससे ऊंचाई तक नहीं पानी पहुंचता। जल निगम की इस टंकी से दुबारी, मैनपरवा, मोलनापुर, गोबरही, बिग्रहपुर, टमठा, पालपुरा, रतनपुरा, रमऊपुर, खरगीपुर, भानपुर, मठिया, भठिया सहित 24 पुरवों में पानी की सप्लाई होती है। पाइपलाइन फटने से दूरी और ऊंचाई तक नहीं पहुंच पाता। इससे लगभग तीन सौ उपभोक्ताओं को पानी मिलना मुश्किल हो गया है। इस संबंध में उपभोक्ताओं का कहना है तीन महीने के बाद पानी की सप्लाई चालू हुई तो एक हफ्ते बाद मेन पाइप ही फट गई। इससे फिर समस्या बढ़ गई है। अब फिर पानी के लिए तरसना पड़ेगा। उपभोक्ताओं का कहना है कि लगभग दस स्थानों पर मेन पाइप में लीकेज है। इस संबंध में मनीष यादव, कमरुद्दीन अहमद, रामविलास सिंह, महबूब अहमद, ब्रम्हानंद सिंह, श्रीचंद गुप्ता, किशोर,अरविंद गुप्ता आदि का कहना है कि जल्द पाइप की मरम्मत कराकर जलापूर्ति की जाए। इस संबंध में प्रभारी सतेंद्र कौशल का कहना है कि मेन पाइपलाइन फटने से सप्लाई बंद की गई है। सोमवार को बनवाया जाएगा।