कोपागंज। थाना क्षेत्र के जुम्मनपुरा में पांच मनबढ़ों ने बुधवार की देर शाम समोसा खाने के बाद रुपये मांगने पर दुकानदार पर हमला बोल दिया। उसका बचाव करने आए दुकानदार के भाई को भी मनबढ़ों ने धमकी दी। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर पांच लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है।
दर्ज मुकदमे के अनुसार कोपागंज थाना क्षेत्र के जुम्मनपुरा निवासी बालकृष्ण उर्फ बटोही ने बताया कि वह मुहल्ले में अपने घर के निचले हिस्से में दुकान चलाता है। आरोप लगाया कि बुधवार की देर शाम चंदनपुरा निवासी अनस, कादिर, आदिल,अहमद और मोना ने उसके यहां से समोसा खाया। इसके बाद जब उसके द्वारा रुपया मांगा गया तो पांचों ने उस पर हमला बोल दिया। हाथ में पंच और बाल पेन से उसके सीने, गर्दन, हाथ पर हमला कर उसे घायल कर दिया।
जब वह जान बचाकर भागा तो मनबढ़ों ने उसे दौड़ा लिया। वह भाग कर घर के अंदर चला गया। जब उसका भाई उसे बचाने को आया तो मनबढ़ों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल लाकर भर्ती कराया। वहीं पीड़ित की तहरीर पर पांचों आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर रात में ही तीन को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।