तहसील बार मधुबन के अधिवक्ताओं ने एक लेखपाल की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इसके विरोध में अधिवक्ताओं ने 22 और 23 अक्तूबर को न्यायिक कार्य से विरत रहने का निर्णय लिया है। तहसील बार के मंत्री अविनाश मल्ल ने बताया कि अध्यक्ष आनंद कुमार त्रिपाठी की अध्यक्षता में बार की आवश्यक बैठक हुई। इसमें पांच अक्तूबर को दिए गए 10 सूत्री ज्ञापन और पूर्व में की गई शिकायतों पर चर्चा की गई। अधिवक्ताओं का आरोप है कि न्यायालय और तहसील स्तर पर शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है। बार की ओर से जारी पत्र में संबंधित लेखपाल पर अभद्र भाषा का प्रयोग करने और कार्यप्रणाली में सुधार नहीं करने का आरोप लगाया गया है। अधिवक्ताओं ने प्रशासन से उचित कार्रवाई की मांग की है। मंत्री ने बताया कि समस्या का समाधान नहीं होने पर आगे की रणनीति तय की जाएगी।