सिटी मजिस्ट्रेट की निगरानी में बृहस्पतिवार को शहर क्षेत्र में अवैध कटिया से चल रहे विद्युत कनेक्शन पर कड़ी कार्रवाई की गई। 200 घरों में अवैध रूप से चल रहे कटिया को हटाया गया, वहीं बिजली निगम को ऐसे लोगों के खिलाफ जुर्माना व मुकदमा दर्ज करने के लिए भी आदेशित किया गया। सिटी मजिस्ट्रेट बृजेंद्र कुमार ने बताया कि शहर के सईदी रोड पर स्थित अधिकतर घरों में कटिया डालकर बिजली का उपयोग किया जा रहा था। शिकायत मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम की मौजूदगी में 200 घरों पर अचानक निरीक्षण के दौरान अवैध रूप से कटिया डालकर बिजली का उपयोग करते हुए पाया गया। इन सभी लोगों के कनेक्शन काटकर बिजली निगम के संबंधित अधिकारियों को मुकदमा दर्ज कर जुर्माना वसूलने के लिए कहा गया है। बताया कि प्रशासन द्वारा ऐसे कई अन्य मुहल्लों को भी चिह्नित किया गया है, जहां अब निरंतर अवैध विद्युत कनेक्शन को लेकर अभियान चलाया जाएगा। जो भी लोग बिना कनेक्शन के विद्युत का उपयोग करते हुए पाए जाएंगे। उन सभी लोगों के खिलाफ लोड के अनुसार जुर्माना की राशि के साथ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई होगी।