मऊ। श्री गंगा तमसा सेवा समिति के महामंत्री छोटेलाल गांधी ने बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री को संबोधित जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। पत्रक में मुख्तार अंसारी गिरोह पर 50 करोड़ से अधिक की संपत्ति पर कब्जा करने का आरोप लगाया। कहा कि जनपद में 10 बीघा धार्मिक भूमि पर गिरोह के सदस्य प्लाटिंग कर बेच रहे हैं। भुजौटी में विधायक मुख्तार अंसारी के गुर्गे का 20 बीघा से अधिक भूमि पर कब्जा है। इसमें लगभग 10 बीघा भूमि ठाकुरजी के नाम की धार्मिक है, जो गरीब काश्तकारों को असलहा के बल पर दहशत पैदा करके कब्जा की गई है। लगभग 30 करोड़ से ऊपर की भूमि पर प्लाटिंग कर इसे बेचा जा रहा है। इसी तरह मौजा परदहा में ताल की भूमि पर गुर्गों का कब्जा है। इस भूमि की कीमत लगभग 15 करोड़ है। मौजा खालसा उत्तर दक्षिण टोला में बाहा खाते की तीन करोड़ से अधिक की भूमि पर मुख्तार अंसारी गिरोह के लोगों का कब्जा है। जहांगीराबाद भटकुआ पट्टी दयाराम में सार्वजनिक नाला की भूमि पर भी कब्जा किया गया है। जांच कराकर कार्रवाई की मांग की।