विधान सभा चुनाव की तैयारियों के सिलसिले में गुरुवार को जिलाधिकारी निखिल चन्द्र शुक्ला की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। बैठक में डीएम ने कहा कि एक जनवरी, 2017 के आधार पर मधुबन, घोसी, मुहम्मबाद गोहना (सुरक्षित ) की मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है। यह जनसामान्य के निरीक्षण के लिए नि:शुल्क उपलब्ध रहेगी। जिलाधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों का आह्वान किया कि वे आदर्श चुनाव आचार संहिता का ईमानदारी से पालन करें। डीएम ने कहा कि यदि किसी भी व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में छूट गया हो तो वह फार्म-6 भरकर अपना नाम सूची में सम्मिलित करा सकते हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में चुनाव आचार संहिता का पालन न करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्यवाई की जाएगी। डीएम ने कहा कि कोई भी व्यक्ति किसी भी प्रकार से आचार संहिता का उल्लंघन न करे, अपने साथ 50 हजार रुपये से ज्यादा रकम लेकर न चले। अन्यथा नकदी जब्त हो सकता है। बैठक में अपर जिलाधिकारी शिव कुमार शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी, नगर मजिस्ट्रेट राम अभिलाष, उप कृषि निदेशक डा. आशुतोष मिश्रा, जिला विद्यालय निरीक्षक डा0 विनोद कुमार राय, जिला पंचायत राज अधिकारी शेषदेव पाण्डेय, जिला अल्प संख्यक अधिकारी विजय प्रताप यादव, समाज कल्याण अधिकारी जितेन्द्र मोहन शुक्ला सहित राजनीतिक दल के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।