मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के उतरेजपुर गांव के पास युवक के ट्रेन से कटने के बाद मौके पर
वलीदपुर। मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के उतरेजपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास सोमवार सुबह लगभग 9:45 बजे ट्रेन से कटकर मोनू यादव (20) की मौत हो गई। शव ट्रेन के साथ 500 मीटर तक घिसटती रही। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा बनाकर शव को जिला अस्पताल भेज दिया। सोमवार को गोरखपुर से मुंबई जाने वाली मुंबई लोकमान्य तिलक टर्मिनल एक्सप्रेस (11060) सोमवार सुबह 9:41 बजे मुहम्मदाबाद गोहना रेलवे स्टेशन से आजमगढ़ के लिए रवाना हुई। रेलवे स्टेशन से लगभग 1.5 किमी दूर उतरेजपुर गांव के पास रेलवे ट्रैक पर चल रहे मोनू यादव की ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो गई। ट्रेन की रफ्तार अधिक होने से शव घिसटते हुए 500 मीटर दूर रेलवे क्रॉसिंग तक गया। पत्थर से टकराकर अटक गया। क्रॉसिंग पर मौजूद गेटमैन ने स्टेशन मास्टर को दुर्घटना की जानकारी दी। स्टेशन मास्टर की सूचना पर जीआरपी और कोतवाली पुलिस ने पहुंचकर शव को जिला अस्पताल भेजवाया। करीब चार घंटे तक शव की शिनाख्त नहीं हो पाई थी। सूचना पर पहुंचे मोनू के भाई विजय यादव ने पैर की बनावट से शव की पहचान की। मोनू चार भाइयों में सबसे छोटा था। कोतवाल केके वर्मा ने बताया कि ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।