मऊ। जल जीवन मिशन से ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति से आमजन के जीवन पर पड़ रहे प्रभाव के मूल्यांकन के उद्देश्य से मंगलवार को समाज कार्य विभाग लखनऊ विश्वविद्यालय की विशेषज्ञ टीम मंगलवार को अमरहट और बनियापार गांव में पहुंची। जल निगम, जिला परियोजना प्रबंधन इकाई और कार्यदायी संस्था एमएलसी इंफ्रा के अधिकारियों के साथ गांव में निरीक्षण किया। जल जीवन मिशन से संचालित पेयजल योजनाओं की वर्तमान स्थिति, पेयजल आपूर्ति की गुणवत्ता और ग्रामीणों को मिल रही सुविधाओं का विस्तृत मूल्यांकन किया गया। टीम ने प्राथमिक विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र, ग्राम पानी समिति के सदस्यों, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं, जलसखियों और ग्रामीणों से संवाद किया। मिशन के सामाजिक और आर्थिक प्रभावों की जानकारी ली। साथ ही नियमित जलापूर्ति, पेयजल की गुणवत्ता, संचालन, रखरखाव व्यवस्था और ग्रामीणों की संतुष्टि से संबंधित फीडबैक भी संकलित किया गया।