रतनपुरा। क्षेत्र का मुस्तफाबाद-खालिसपुर मार्ग जगह-जगह क्षतिग्रस्त होने से लोगों को आवागमन के लिए काफी दिक्कतोें का सामना करना पड़ रहा है। मार्ग के मरम्मत कार्य के लिए कई बार लोगों ने शिकायत पत्र विभाग को सौंपा लेकिन बावजूद इसके मरम्मत कार्य शुरू नहीं कराया गया। इससे आक्रोशित लोगों ने आंदोलन करने की चेतावनी दी। रतनपुरा ब्लाक मुख्यालय से गाढ़ा, मुस्तफाबाद होते हुए खालिसपुर तक जाता है। लेकिन इन दिनों सड़क गड्ढे में तब्दील हो जाने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आए दिन मार्ग में वाहन गिरकर चोटिल होते हैं। क्षेत्र के राज विजय सिंह, विवेक कुमार, संतोष सिंह, उमाशंकर सिंह, जयप्रकाश, मल्लिक, विजय यादव, सुरेंद्र यादव का कहना है कि सड़क खराब होने से घटनाओं की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। मरम्मत का कार्य शीघ्र नहीं शुरू कराया गया तो हम आंदोलन करने को बाध्य होंगे। ब्यूरो