सूरजपुर। दोहरीघाट विकास खंड के रसूलपुर न्याय पंचायत क्षेत्र के चंद्रबारी स्थित श्री शक्ति इंटर कालेज शिक्षण संस्थान की तरफ से शनिवार को योग जागरूकता रैली निकाली गई। इसमें क्षेत्र के सैकड़ों छात्र- छात्राओं ने भाग लिया। रैली में शामिल बच्चे हाथ में लिए तख्ती पर सीखे योग और प्राणायाम, आपका बनेगा सब काम, अगर योग अपनाओगे, स्वस्थ शरीर पाओगे, बहुत हुआ अब चूल्हा चौका, लड़कियों को दो अब पढ़ने का मौका, गांव गांव में जाएंगे स्वच्छता का अलख जगाएंगे आदि स्लोगन लिखी तख्ती लेकर साथ चल रहे थे। इस दौरान छात्रों ने नारा भी लगाया। रैली चंद्रबारी से शुरू होकर महुआबारी, बडकीबारी, रसूलपुर, बेलौली, नगरी पार, छपरा, मडई, ठिकरहिया, सहित अन्य कई गांवों तक पहुंची। रैली के माध्यम से लोगों को योग के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि योगी रामकेवल के साथ श्री शक्ति शिक्षण संस्थान के प्रबंधक मुरलीधर मौर्य ने बताया कि योग के माध्यम से मनुष्य स्वस्थ रहता है। कार्यक्रम में पतंजलि किसान सेवा समिति के तहसील प्रभारी मुरलीधर मौर्य, योगी रामदुलारे, सूर्यभान शर्मा, लक्ष्मण, लालमणि, हरिओम, रामकेवल, सतेंद्र कुमार, श्री प्रकाश शर्मा आदि मौजूद रहे।