मधुबन तहसील क्षेत्र के सिद्धा अहिरूपुर गांव में बुधवार को उपजिलाधिकारी निरंकार सिंह की अध्यक्षता में चौपाल का आयोजन किया गया। इस अवसर पर आवास, पात्र गृहस्थी, पेशन के लाभार्थियों का चयन किया गया। ग्रामीणों ने स्वच्छता जागरुकता रैली निकालते हुए गांव को खुले में शौचमुक्त करने तथा धरा को हरा बनाने के लिए अधिक से अधिक पौधरोपण करने का संकल्प लिया। चौपाल के दौरान गांव में लाभार्थियों के खाते मे धन भेजे जाने के बाद भी शौचालय निर्माण में शिथिलता पर उपजिलाधिकारी ने नाराजगी प्रकट किया। स्वच्छ भारत स्वस्थ भारत के अभियान के तहत ग्राम प्रधान तथा संबंधित विभाग को ओडीफ कराने का निर्देश दिया। विकलांग, वृद्धा,विधवा पेंशन के नए नामों को जोड़ने का प्रस्ताव रखा गया। खंड विकास अधिकारी सुवेदिता सिंह ने गांव में शौचालय बनवाने और शतप्रतिशत उसका उपयोग करने के साथ ही गांव को खुले मे शौचमुक्त बनाने तथा पालिथिन का प्रयोग न करने का अपील किया । अधिकारियों ने अधिक से अधिक पौधरोपण करने के लिए ग्रामीणों का आह्वान किया।इस अवसर पर एडीओ पंचायत गुलाब गुप्ता, मंगरू प्रसाद गुप्ता अमित गुप्ता आदि शामिल रहे।