नदवासराय। केंद्र सरकार में कैबिनेट मंत्री अनंत कुमार हेगड़े द्वारा दिए गये विवादित बयान से जगह-जगह जन आक्रोश भड़क रहा है। मंत्री के पुतले फूंके जा रहे हैं। इसी क्रम में विधानसभा मुहम्मदाबाद गोहना क्षेत्र के आरीपुर चट्टी पर दलित नेता हरिनाथ प्रसाद के नेतृत्व में ग्रामीणों ने मंत्री का पुतला फूंका। इस अवसर पर दलित नेता ने कहा कि सरकार सबका भला करने का वीणा उठाने के दावे कर रही है। उसी सरकार के मंत्री संविधान को बदलने की बात कहकर देश को झकझोर रहे हैं। मंत्री ने ऐसा कहकर नारी, शुद्र, पिछड़ों के सहित संविधान का अपमान किया है। जय भीम कुमार ने कहा कि हमारे देश में ऐसे मंत्री हैं जो भारतीय संविधान की संस्कृतियों में पले-बढ़े और उसी को खत्म करने की बात कह करने लगे हैं। ऐसा करके वे देश को शर्मसार कर रहे हैं। इस मौके पर देवेन्द्र गौतम, रामवीर, सोनू, पंकज, राहुल, मुलायम, सूरज, तारकेश्वर, विक्रम, राजेश सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।