मऊ। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत 75 जनपद 75 घंटे 750 निकाय अभियान के तहत तीसरे और अंतिम दिन शनिवार को स्वच्छता अभियान चलाया गया। चार स्थानों से 750 टन कूड़े निकालकर सफाई कराई गई। नगरपालिका चेयरमैन तैयब पालकी, अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार तथा सफाई तथा खाद्य निरीक्षक सत्यप्रकाश अभियान की मानीटरिंग करते रहे।
नगर पालिका ने नगर में 12 जीवीपी पॉइंट चिह्नित किए हैं। इनमें मुहल्ला डोमनपुरा, हट्ठीमदारी मिल्लत नर्सरी स्कूल के पास, ब्रह्मस्थान टैक्सी स्टैंड के पीछे, ढेकुलिया घाट बंधा रोड, पुरानी तहसील सत्यम हास्पिटल के सामने, डीसीएसके पीजी कालेज के पास, किड्स गुरुकुल किंगडम स्कूल निजामुद्दीनपुरा, मदनपुरा होटल के पास, मुंशीपुरा ओवरब्रिज के नीचे आदि स्थान शामिल हैं।
इन स्थानों पर डंप पड़े कूड़े को पालिका कर्मी 75 घंटों में खत्म कर स्वच्छ स्थान में परिवर्तित कर देंगे। इन स्थानों का पालिका द्वारा सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो इसके लिए पालिका अधिकारी इन स्थानों से जूम एप के माध्यम से 24 घंटे सफाई कार्य का लाइव प्रसारण करेंगे।
मुुंशीपुरा ओवरब्रिज से निकला 100 टन कूड़ा: अभियान के तीसरे दिन कर्मियों ने मुुंशीपुरा ओवरब्रिज के नीचे से लगभग 100 टन कूड़ा निकाला। यहां पर 20 कर्मचारी कार्य करते दिखे। अभियान की मानीटरिंग स्वयं अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार करते नजर आए।
डोमनपुरा के डोमगड़ही से निकाला 500 टन कूड़ा : नगर के डोमनपुरा स्थित डोमगढ़ही से लगभग 500 टन कूड़ा निकाला गया। यहां पर सफाई के लिए कूड़े 24 पालिका कर्मियों को लगाया गया था। अभियान की मानीटरिंग खाद्य तथा सफाई निरीक्षक सत्यप्रकाश करते नजर आए।
सेल टैक्स रोड के पास से 50 टन कूड़े को हटाया गया: अभियान के तीसरे तथा अंतिम दिन नगर के सेल टैक्स रोड के पास पड़े 50 टन कूड़े को 20 पालिकाकर्मी साफ करते नजर आए।
डोमनपुरा गोलवा से हटाया 100 टन कूड़ा: नगर के डोमनपुरा गोलवा में पड़े 100 टन कूड़े को 21 पालिकाकर्मियों ने साफ किया। अभियान की मानीटरिंग स्वयं डिस्ट्रिक्ट प्रोग्राम मैनेजर पीयूष सिंह करते नजर आए।
नगर पंचायत प्रशासन ने चार स्थानों को किया कूड़ा मुक्त
वलीदपुर। नगर पंचायत वलीदपुर में अभियान चलाकर नगर क्षेत्र के चार स्थानों को कूड़ा मुक्त किया गया। वलीदपुर में छह स्थानों को कूड़ा मुक्त करने के लिए चिह्नित किया गया था। इसमें वार्ड नंबर चार मठिया, अंबाड बाबा, वार्ड नंबर 11 बेलाल के घर के पास, वार्ड नंबर सात सामुदायिक शौचालय, वार्ड नंबर छह कुतुबपुर और मुकली पोखरी आदि स्थान इसमें शामिल हैं। नगर पंचायत प्रशासन ने निर्धारित चार स्थानों को कूड़ा मुक्त कर दिया। इस बाबत नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी नितेश गौरव ने बताया कि चिह्नित छह स्थानों को कूड़ा मुक्त करने का आदेश दिया था। इसमें चार स्थानों पर सफाई की गई।
कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से किया जागरूक : घोसी। तहसील मुख्यालय पर शनिवार को घोसी नगर पंचायत के कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर लोगों को स्वास्थ्य, शौचालय तथा पर्यावरण के प्रति जागरूक किया। कलाकारों ने नाटक के माध्यम से कहा कि जिस घर में शौचालय नहीं, उस घर में बहन बेटी की शादी नहीं। खुले में शौच जाना बीमारियों को दावत देने के समान है। साथ ही सफाई तथा पर्यावरण संरक्षण के महत्व को दर्शाया। गंदे पानी को घर के आसपास जमा नहीं होने देने के प्रति जागरूक किया। इस अवसर पर कलाकारों के अलावा विमलेश कुमार ,अमरेंद्र श्रीवास्तव, अरशद, रामाकांत चौहान सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।