मझवारा। घोसी ब्लाक क्षेत्र के पतिला जमीन पतिला में मंगलवार को धर्म की पताका फहराकर यज्ञ व मूर्ति स्थापना के वृहद कार्यक्रम का शुभारंभ विधि विधान से हुआ। मूर्ति स्थापना होते ही श्रद्धालुओं के जयकारे से वातावरण गूंज उठा। दशकों से ग्रामीणों के अथक प्रयास तथा शिक्षक संघ के पूर्व जिलाध्यक्ष स्वामीनाथ राय की देखरेख में श्रीराम व माता जानकी का भव्य मंदिर बनवाया गया है। जिसमें मूर्ति स्थापना की प्रक्रिया मंगलवार को शुरु हो गई। ग्रामसभा पतिला जमीन पतिला स्थित सर्वेश्वरी धाम में प्राचीन पोखरे के किनारे सन 2005 से निरंतर श्रीराम व माता जानकी के मंदिर का निर्माण कार्य चल रहा था जो करीब 14 साल बाद अब पूर्ण हो सका है। जिसके बाद मंदिर में मूर्ति स्थापना की कवायद तेज कर दी गई है। मंगलवार को महंत कन्हैया दास रामायणी व मंदिर कमेटी के व्यवस्थापक स्वामीनाथ राय की उपस्थिति में विशाल जनसमूह के बीच मूर्ति स्थापना तथा यज्ञ के लिए धर्मध्वजा की स्थापना कर दी गई। मंदिर कमेटी के व्यवस्थापक स्वामीनाथ राय ने बताया कि ग्रामीणों व क्षेत्रवासियों की लगन तथा मेहनत के कारण ही इतने विशाल भव्य मंदिर का निर्माण कार्य कराया जा सका है। कार्यक्रम के दौरान राम सिंहासन पांडेय, हरिश्चन्द्र शर्मा, लालजी मौर्या, चंद्रदेव, विनोद, जनार्दन, बुद्धिराम, रमेश, रामानंद, सवरु राजभर, नंद राय आदि शामिल रहे।