मऊ। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों की बैठक मंगलवार की शाम नगर के अलाउद्दीनपुरा स्थित संगठन के कार्यालय पर हुई। इसमें बाल निकेतन रेलवे क्रासिंग पर ओवरब्रिज बनाने के तहत नापी आदि प्रक्रिया शुरू हो जाने पर हर्ष प्रकट किया गया। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष उमाशंकर ओमर ने कहा कि अब काफी दिनों के इंतजार करने के बाद ओवरब्रिज बनाए जाने का सपना पूरा होगा। केंद्र सरकार की तरफ से टर्मिनल के लिए सन 2017-18 के बजट में 10करोड़ आठ लाख का बजट जारी कर दिया गया है। इसके बाद भी निर्माण कार्य ठप पड़ा है। रेलवे स्टेशन पर स्वचालित सीढ़ी छह माह से बनकर तैयार है लेकिन यात्रियों के लिए चालू नहीं किया जा सका है। टर्मिनल निर्माण कार्य अविलंब शुरू नहीं किया गया तो व्यापारी आंदोलन करने को बाध्य हो जाएंगे। इस दौरान प्रह्लाद गुप्ता, कैलाश प्रसाद गुप्ता, शफीक अहमद, बाबूलाल अग्रवाल, श्रवण कुुमार सर्राफ, बिंद्रा सिंह कुशवाहा आदि शामिल रहे।