मऊ। जिलों में सरकारी अस्पतालोंमें स्वास्थ्य सेवाओं तथा बाल विकास परियोजनाओं का जायजा गुरुवार को यहां आई विधानमंडल की टीम ने लिया। टीम में शामिल महिला विधायकों ने महिला अस्पताल की व्यवस्थाओं को देखा परखा। महिला बाल विकास संबंधी संयुक्त समिति विधान मंडल में गाजीपुर की विधायक संगीता बलवंत , इटावा की विधायक सरिता भदौरिया , जौनपुर के मुगरा बादशाहपुर की विधायक सुषमा पटेल , मड़ियाहू की विधायक लीना तिवारी , मिर्जापुर के मझवा की विधायक शुचिस्मिता मौर्य और उप सचिव सुरेंद्र भारती ने रतनपुरा ब्लाक के मेउड़ी कलां में सरकारी अस्पताल और आंगनबाड़ी का निरीक्षण किया। टीम के सदस्यों ने जिला महिला अस्पताल और यहां बन रहे नये भवन का भी निरीक्षण किया। टीम लखनऊ, वाराणसी , चंदौली , जौनपुर , गाजीपुर , बलिया जनपदों का सर्वे करके यहां पहुंची थी। इसके बाद यहां से आजमगढ जिले में निरीक्षण करने के पश्चात लखनऊ लौट जाएगी। टीम के सदस्यों ने बताया कि निरीक्षण रिपोर्ट शासन को दी जाएगी।