कुसुम्हा। दोहरीघाट पंप कैनाल से संबद्ध मुरादपुर माइनर का रेगुलेटर जर्जर हाल में है। सिल्ट की सफाई न होने से माइनर टेल तक नहीं पहुंच पा रहा है। रिसाव होते रहने से खेती किसानी भगवान भरोसे हो रही है। शासन के निर्देश पर अब सिंचाई विभाग की तरफ से शीघ्र ही रेगुलेटर मरम्मत तथा सिल्ट सफाई कराया जाएगा।दोहरीघाट पंप कैनाल से संबद्ध मुरादपुर माइनर से सैकड़ों एकड़ उपजाऊं जमीन की सिंचाई की जाती है। गोठा स्थित मुरादपुर माइनर का रेगुलेटर जर्जर हाल में है। माइनर में सिल्ट सफाई न होने तथा मरम्मत कार्य न होने से पानी का रिसाव होता रहता है इससे उत्पादन पर असर पड़ता है । इस मामले में अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के जिला संयोजक राघवेंद्र राय शर्मा ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजा। शासन के निर्देश पर एक्सईएन सिंचाई के आख्या पर अधीक्षण अभियंता ड्रेनेज मंडल बलिया ने बताया है कि मुरादपुर माइनर के रेगुलेटर का प्राक्कलन तैयार किया गया है। बजट मिलते ही मरम्मत का कार्य करा दिया जाएगा। इस बाबत सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता वीरेंद्र पासवान का कहना है कि मुरादपुर माइनर के रेगुलेटर के लिए बजट की मांग की गई है। माइनर की सिल्ट की सफाई का कार्य मनरेगा से प्रस्तावित है । प्रथम सिंचाई का कार्य प्रगति पर चल रहा है ।प्रथम सिंचाई हो जाने के उपरांत नहर बंदी के दौरान सिल्ट सफाई का कार्य करा दिया जाएगा।