मऊ। किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर सोमवार को प्रगतिशील किसानों ने पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राकेश सिंह के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पर भूख हड़ताल किया। भूख हड़ताल स्थल पर किसानों को संबोधित करते हुए किसान नेता राकेश सिंह ने कहा कि मौसम की सामान्य वर्षा 715 मिमी के सापेक्ष जिले में अब तक महज 270 मिमी वर्षा हुई है। ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की अघोषित कटौती से जनमानस बेहाल है। इस समय धान की फसल में बाली निकल रही है और धान के खेतों में भरपूर नमी होनी चाहिए। लेकिन इस समय धान के खेत सूखे हैं। बिजली मिल नहीं रही है और नहरों में पानी आ नहीं रहा है। ऐसे में धान का उत्पादन 50 प्रतिशत कम होने के आसार हैं। कहा कि हालत यह है कि जिले में स्थित 320 राजकीय नलकूपों में से वर्तमान में 102 खराब पड़े हुए हैं। किसान नेता ने कहा कि इस समय मई जून जैसी भीषण गर्मी पड़ रही है। बिजली न मिलने से जनजीवन बेहाल हो रहा है। धान की फसल सूख रही है। इसलिए जनपद को सूखा ग्रस्त घोषित किया जाए। कहा कि उप विद्युत केंद्र रतनपुरा , अरदौना, हलधरपुर में पांच एमवीए के विद्युत ट्रांसफारमर पं. दीनदयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना के तहत स्वीकृत हैं। तीनों स्थानों पर फाउंडेशन का निर्माण हो गया है । रतनुपरा में दो महीने से ट्रांसफारमर रखा हुआ है। उन्होंने उसे चालू कराने की मांग किया। भूख हड़ताल में बब्बन सिंह, जंगबहादुर यादव , जय प्रकाश सिंह, जगरनाथ सिंह , छत्रपति सिंह, मुनीब राम , राम दुलार चौहान , दीना चौहान , श्रीराम सिंह , दुर्ग विजय यादव, सत्यप्रकाश सिंह, शिवचंद यादव, अजय तिवारी , लक्ष्मी तिवारी,बलवंत सिंह, बृजेश भारती, देवेंद्र सिंह, दया सिंह, मदन लाल श्रीवास्तव, रामाश्रय राय, रामायन राजभर , उमेश खरवार , रमाशंकर सिंह और नरेंद्र तिवारी आदि किसान मौजूद रहे। जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन भी सिटी मजिस्ट्रेट हंसराज को सौंपा गया।