बीआरसी घोसी के सभागार में चल रहे पांच दिवसीय नोडल टीचर्स प्रशिक्षण शिविर का मंगलवार को समापन हुआ। इस दौरान घोसी ब्लॉक क्षेत्र के 68 शिक्षकों को बच्चों की पढ़ाई आसान बनाने उनके साथ अच्छा व्यवहार कर शिक्षा में सुधार लाने आदि का प्रशिक्षण दिया गया। मास्टर ट्रेनर सुधाकर राय और गीता देवी नोडल टीचर्स को दिव्यांग बच्चों का चिह्नांकन कर परिषदीय विद्यालयों में नामांकन करने के साथ विभिन्न प्रकार की दिव्यांगता के संबंध में जानकारी दी। खंड शिक्षा अधिकारी धर्मेंद्र कुमार ने कहा कि दिव्यांग बच्चे भी सामान्य बच्चों के साथ परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। इन बच्चों को एस्कार्ट एलाउंस के रूप में 6000 रुपये और स्टाइपेंड के रूप में 2000 रुपए आर्थिक सहयोग दिया जाता है। इस अवसर पर रविशंकर राय, विधिचंद यादव, भारत भूषण, महताब अहमद, संजय कुमार, अवधेश राय, किरन राय, प्रीती सिंह, प्रभावती राय, निर्मला राय, मांडवी राय आदि नोडल टीचर्स मौजूद थे।