रतनपुरा/कोपागंज। अखिल भारतीय किसान सभा के जिलाध्यक्ष एवं रतनपुरा स्थित मिश्रा कटरा के स्वामी देवेंद्र प्रसाद मिश्र ने कटरे के 65 किरायेदार दुकानदारों का अप्रैल और मई माह का किराया माफ कर दिया। बताया कि लाकडाउन के चलते दुकानें बंद चल रही हैं। ऐसे में किरायेदारों को यह रियायत देना फर्ज बनता है। उन्होंने सरकार से मांग की कि इन दुकानदारों का लाकडाउन की अवधि का बिजली बिल भी माफ किया जाए। भवन स्वामी की इस घोषणा का किसान सभा के प्रखंड अध्यक्ष जितेंद्र राजभर एवं रामप्यारे गौतम, मुन्ना यशादव, धर्मचंद यादव और कटरे के सभी 65 दुकानदारों ने स्वागत किया है। लोगों ने कहा है कि देवेंद्र प्रसाद मिश्रा की तरह अन्य भवन स्वामियों को भी आगे आकर पीड़ितों की मदद करनी चाहिए।कोपागंज: दोस्तपुरा के प्रिंस पांडेय ने लॉकडाउन के चलते मुसीबत में फंसे किराएदारों का पांच महीने का किराया माफ कर दिया है। प्रिंस पांडेय कबाड़ की दुकान चलाते हैं। विगत एक वर्ष से मजदूर उनके मकान में किराए पर रह रहे हैं। लॉक डाउन के चलते काम-धंधा बंद होने के कारण मकान मालिक ने उनसे पांच महीने का किराया नहीं लेने का फैसला किया।