मधुबन। थाना क्षेत्र के मधुबन -बेल्थरा मुख्य मार्ग स्थित कटघरा शंकर के समीप गुरूवार को देर शाम अनियंत्रित ट्रक के चपेट में आने से बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पुलिस ने सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों युवकों की गंभीर हालात देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। मधुबन थाना क्षेत्र के गांगेबीर गांव निवासी कुंदन राजभर 25 तथा चंद्र भान राजभर 29 गुरुवार की रात करीब दस बजे बाइक से गांव लौट रहे थे। अभी वह कटघरा शंकर तिराहा के पास पहुंचे थे कि सामने से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दिया। जिससे दोनों बाइक सवार युवक घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को फतहपुर मंडाव सीएचसी में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने दोनों की गंभीर हालात देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, पुलिस ने वाहन को जब्त कर थाने ले आई। जिस वक्त घटना हुई उस समय बाइक सवार दोनों युवकों ने हेलमेट नहीं पहना था।