रतनपुरा(मऊ)। निकाय चुनाव के मद्देनजर बुधवार को रतनपुरा ब्लाक मुख्यालय पहुंचे वन एवं पर्यावरण मंत्री दारा सिंह चौहान ने कहा कि रतनपुरा प्रखंड के दक्षिणांचल स्थित तमसा तटवर्ती गांव ठैचा स्थित गोदाम घाट पर पुल बनवाया जाना अति आवश्यक है, क्योंकि पुल के बन जाने से सीमावर्ती तीन जनपदों के नागरिकों को भारी लाभ प्राप्त होगा। गोदाम घाट पर पुल बनवाया जाना जनहित में अत्यंत ही आवश्यक है। इसके लिए कम से कम 15 करोड़ रुपये का बजट की आवश्यकता होगी। निधि से इतनी बड़ी धनराशि मिल पाना संभव नहीं है। क्योंकि विधानसभा क्षेत्र बड़ा है। अनेक स्थानों पर विकास कार्य किए जाने हैं। जनहित को देखते हुए उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य से मिलकर इस पुल निर्माण स्वीकृति दिलाने के लिए प्रयास करेंगे। रतनपुरा बाजार में स्ट्रीट लाइट लगाए जाने का आश्वासन दिया। पत्रकार वार्ता के दौरान जिला महामंत्री रामआश्रय मौर्य, अनुसूचित जाति जनजाति प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष प्रेम कुमार गौड़, भाजपा नेता परमात्मा सिंह, नरेंद्र सिंह, राजवंशी चौहान, किशन कुमार आदि शामिल रहे।