मऊ। जिले के विभिन्न ग्रामीण इलाकों में स्थित देवालयों, शिवालयों में सावन मास के अंतिम सोमवार को शिव भक्तों ने हर-हर महादेव के गगनभेदी जयकारों से पूरा ग्रामीण अंचल भक्तिभावना से सरोबार रहा। श्रद्घालुओं ने भगवान शिव को बेल पत्र और गंगा जल चढ़ाकर मन्नत मांगी। कहीं अखंड रामायण पाठ का आयोजन हुआ तो कहीं हरिकीर्तन और ढोलक की थाप पर लोग थिरकते नजर आए। मधुबन संवाददाता के अनुसार क्षेत्र के शिवपुर पांती गांव स्थित शिवमंदिर में सावन के अंतिम सोमवार को शिव भक्तों ने मत्था टेककर भगवान शिव का जलाभिषेक कर मन्नत मांगी। इस दौरान मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयकारे के साथ गूंजता रहा। पिपरीडीह संवाददता के अनुसार क्षेत्र के बढुआगोदाम, कहिनौर, पिपरीडीह, उस्मानपुर, खरगजेपुर, भार सहित विभिन्न गांवों में स्थित शिव मंदिरों और मंदिर में स्थापित शिवलिंग पर भगवान शंकर का जलाभिषेक किया। श्रद्घालुओं के जयकारे से वातावरण गूंज उठा। नदवासराय संवाददाता के अनुसार क्षेत्र के देवलास, बलुआ पोखरा, कलाफनपुर, कारीसाथ, प्यारेपुर, जमीन सरहरा, बीबीपुर, भरौली, बीजपुरा, कुचहरा सहित विभिन्न गांवों में स्थापित शिव मंदिरों पर श्रद्घालुओं की भारी भीड़ नजर आई। लोगों ने भगवान शिव का विधि विधान से जलाभिषेक किया। इंदारा संवाददाता के अनुसार सावन के अंतिम सोमवार होने के चलते कोपागंज स्थित प्राचीन गौरीशंकर मंदिर में पूरे दिन श्रद्घालुओं की भारी भीड़ के चलते मेले जैसा माहौल रहा। कांवरियों ने जहां गाजीपुर से गंगा जल लाकर भगवान शंकर के मंदिर और इंदारा गांव स्थित दुर्गा मंदिर, महुंआर गांव स्थित पवहारी बाबा के मंदिरों में ब्रह्म मुहूर्त से ही हर-हर महादेव के गगनभेदी जयकारे के बीच कांवरियों ने जलाभिषेक किया। इसी कड़ी में जयरामगढ़ स्थित शिव मंदिर पर भी भक्तों का तांता लगा रहा।