मऊ। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल की बैठक गुरुवार को हकीकतपुर स्थित राज पैलेस में जिलाध्यक्ष उमाशंकर ओमर की अध्यक्षता में आयोजित हुई। जिसमें कपड़ा उद्योग से जीएसटी कर हटाने की मांग को लेकर चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष उमाशंकर ओमर ने कहा कि जनपद का प्रमुख गृह उद्योग मऊ की साड़ियों का है। इस पर सरकार ने 5% जीएसटी लगा दिया है जिस कारण यह कारोबार पूरी तरह प्रभावित है। साड़ी में लगने वाले मैटेरियल, धागा, जरी आदि पर सरकार 12% जीएसटी लेती है। इसके बाद फिर कपड़ा पर जीएसटी क्यों लिया जाता है। व्यापार मंडल केंद्र सरकार से कपड़ा से जीएसटी हटाने की मांग करती है। साथ ही बैठक में सर्वसम्मति से हकीकतपुर राज पैलेस व्यापार मंडल इकाई का गठन किया गया। जिसमें अध्यक्ष राम बड़ाई यादव, उपाध्यक्ष राजेश यादव, अनिल कुमार मौर्य, विकास बर्नवाल ,अशोक कुमार यादव, हरबंस मौर्य, देवेंद्र यादव बने। जबकि महामंत्री सुग्रीव यादव, कोषाध्यक्ष रामविलास मौर्य, मंत्री रजनीश मौर्य, महेंद्र मौर्य, वीर बहादुर मौर्य तथा संगठन मंत्री चंद्रशेखर मौर्य, हरीनाथ चौहान, मुन्ना शर्मा और प्रचार मंत्री राधेश्याम चौहान, सुभाष यादव ,रणजीत विश्वकर्मा को चुना गया। जबकि आय-व्यय निरीक्षक डॉ. महेंद्र यादव को बनाया गया। बैठक में भारी संख्या में व्यापारी व बुनकर उपस्थित थे।