बढुआ गोदाम। सरायलखंसी थाना क्षेत्र के एक गांव स्थित कान्वेंट स्कूल में पढ़ा रही शिक्षिका गायब हो गई। जिस पर उसके पिता ने शनिवार को सरायलंखसी थाना में स्कूल के एक शिक्षक पर भगाने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। शनिवार को पुलिस को दी गई तहरीर में लापता शिक्षिका के पिता ने बताया कि गांव स्थित एक कान्वेंट स्कूल में पढ़ाने गई थी। शाम तक जब घर नहीं लौटी तो स्कूल प्रबंधक से संपर्क किया तो पता चला कि वह 11 बजे ही स्कूल से घर चली गई है। उसके बाद आस-पड़ोसी में अपनी बेटी की तलाश की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। पिता का आरोप है कि अब उसे पता चला है कि साथ में पढ़ा रहे एक शिक्षक ने ही उसकी बेटी को बहला-फुसला कर कहीं गायब किया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर शिक्षक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। समाचार लिखे जाने तक तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया था।