कोपागंज (मऊ)। ब्लॉक क्षेत्र के गांवों को खुले में शौच से मुक्त कराने के लिए केंद्र प्रदेश सरकार की तरफ से ओडीएफ करने की कवायद तेज हो गई है। इसे लेकर जिला प्रशासन की तरफ से चयनित ओडीएफ होने वाले गांव में बन रहे शौचालय 30 मई के अंदर पूर्ण किये जाने को लेकर ब्लॉक के अधिकारी भी गांव-गांव में घूमकर अविलंब तैयार कराने के लिए दिन रात एक किए हुए हैं। इसी क्रम में ग्राम पंचायत बाड़ा में बनाए जाने वाले शौचालयों का निरीक्षण रविवार को एडीओ पंचायत शीत कुमार सिंह ने किया। कोपागंज विकास खंड क्षेत्र के दर्जनों गांवों को ओडीएफ गांव घोषित किए जाने उद्देश्य से बनाए जाने वाले शौचालयों को लेकर जिला प्रशासन द्वारा केंद्र तथा प्रदेश सरकार के निर्देश पर सीधे गांव में पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया जा रहा है। ग्राम पंचायत बाड़ा में बनाए जा रहे 171 शौचालयों का निरीक्षण रविवार को एडीओ पंचायत शीत कुमार सिंह ने घूम-घूम कर किया। साथ ही ग्राम प्रधान रविंद्र यादव को शौचालयों को 30 मई के अंदर पूर्ण कर रिपोर्ट प्रेषित करने का आदेश दिया। इस दौरान ब्लॉक कोआर्डिनेटर स्वच्छता संजीव कुमार सिंह सहित अन्य कर्मचारी, ग्राम सचिव मौजूद रहे।