मऊ। आर्य समाज मऊ नाथ भजन मऊ के तत्वावधान में नगर के आर्य समाज मंदिर परिसर में मातृ सम्मेलन का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि होमियोपैथिक चिकित्साधिकारी डॉ. नम्रता श्रीवास्तव रहीं। मुख्य अतिथि ने आर्य समाज द्वारा संचालित समस्त शिक्षण संस्थाओं दयानंद बाल विद्या मंदिर, डीएवी बाल विद्या मंदिर, डीएवी इंटर कालेज, डीएवी बालिका इंटर कालेज मऊ के विभिन्न कक्षाओं में पढ़ने वाले पिछले वर्ष में प्रथम श्रेणी में आए विद्यार्थियों तथा उनकी माता को सम्मानित किया। इस दौरान हाईस्कूल विज्ञान वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर सिमरन वर्मा को डॉ. त्रिवेणीनाथ उपाध्याय स्कॉलर अवार्ड के रूप में नकद 3500 रुपया, द्वितीय स्थान प्राप्त करने पर नंदनी झा को 2500 रुपया एवं अनुभा सिकंदर को तृतीय स्थान प्राप्त करने पर 2000 रुपया नकद देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर मुख्य अतिथि ने कहा कि नकारात्मक विचारों को त्यागकर सकारात्मक प्रवृत्ति को ग्रहण करना ही विद्यार्थी का मुख्य लक्ष्य होना चाहिए। बालक के निर्माण में माता,पिता और गुरु का कार्य सर्वोपरि माना गया है, इसलिए गृहशिक्षा में कोई कमी न रह जाए इसका ध्यान माता, पिता को देना चाहिए। गुरु उसकी प्रतिभा को निखारने का प्रयास करें तो विद्यार्थी कुंदन के समान समाज में चमकेगा। इस अवसर पर प्रधान दिनेश नंदन राय, मंत्री सुमित राय, देवभास्कर तिवारी, रमेशचंद्र आर्य, प्रहलाद वर्मा, श्रीप्रकाश राय, उदयप्रताप आर्य, राजेंद्र प्रताप आर्य, रमाशंकर आर्य, हरिशंकर मिश्र, ओमप्रकाश आर्यवीर आदि शामिल रहे।