कोपागंज। स्थानीय थाना क्षेत्र के अंतर्गत कस्बे के मुख्य चौक से दक्षिण लवे रोड पर गुरुवार की देर रात मिठाई की दुकान में चोरी का प्रयास कर रहे एक युवक अपनी मोबाईल पर लगाए गए वालपेपर के सहारे पकड़ा गया। हुआ यूं कि जैसे ही युवक दुकान में घुसा दुकान के अहाते में सो रहे कुत्ते ने भौंकना शुरु कर दिया। कुत्ते की आवाज सुनकर नींद से जागा मिठाई दुकानदार राजकुमार मोदनवाल अपने कमरे से निकला तो चोर अंधेरे में दरवाजे के पीछे खड़ा हो गया। जैसे ही राजकुमार दुकान में घुसा चोर राजकुमार को धक्का देकर छत के सहारे नीचे गली में कूद कर भाग निकला। भागते समय चोर के पाकेट में रखी मोबाइल मिठाई के दुकान के पीछे अहाते में गिर गई। मोबाईल पर चोर ने वाल पेपर पर अपना फोटो लगाया था। चोर की पहचान मोहल्ले निवासी एक युवक के रूप में हुई। घटना के तुरंत बाद दुकानदार अपने कुछ साथियों के साथ उसको खोजने निकला तो वह चोर मोहल्ले से दूर सड़क पर खड़े एक टेंपो में सोते हुए पाया गया। दुकानदार ने चोर को पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया। गौरतलब है कि बीते दीपावली से 1 हफ्ते पूर्व भी इसी मिठाई की दुकान चोरों ने हजारों रुपए का चपत लगाया था।