मुहम्मदाबाद गोहना। क्षेत्र का अतरारी, खैराबाद स्थानीय कस्बे के विभिन्न मुहल्ले बुनकर बाहुल्य क्षेत्र है। यहां की अधिकतर आबादी बुनाई के पेशे से सम्बद्ध है। ताने बाने की इस नगरी में कई सप्ताह से विद्युत आपूर्ति की दयनीय स्थिति के चलते नगर के बुनकरों की रोजी-रोटी ठप सी है। इस समस्या को लेकर सोमवार को बुनकरों के एक प्रतिनिधिमण्डल ने मुख्य अभियन्ता विद्युत वितरण मण्डल आजमगढ़ से मुलाकात कर उन्हें बिजली की आपूर्ति अविलम्ब बेहतर बनाने हेतु ज्ञापन दिया। ज्ञापन में कहा गया है कि वर्तमान हालात ऐसे हैं कि मात्र 7-8 घण्टे ही बिजली मिल पा रही है वह भी इतना कम वोल्टेज होता है कि पावरलूम चलाना सम्भव नहीं हो पाता है। मांग पत्र में कहा गया है कि खराब विद्युत आपूर्ति से बुनकरों के सामने रोजी रोटी का भयंकर संकट खड़ा हो गया है। प्रतिनिधिमण्डल में शामिल बुनकर नेताओं ने कहा कि अगर फौरी तौर पर बिजली आपूर्ति में सुधार नही किया गया तो हम बुनकर भुखमरी के शिकार हो जायेगे। प्रतिनिधिमण्डल में मौलवी आजीजुर्रह्मान, ऐनुल मुजफ्फर अंसारी, हाशिम पसमांदा ,सगीर अहमद पूर्व प्रधान ,नैमुलहक, इरशद अहमद सगीर अहमद अबुहोरैरा अंसारी शादाब खा आदि उपस्थित रहे।