मऊ। पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक के निर्देश पर बुधवार को मऊ-शाहगंज खंड, मऊ-वाराणसी खंड पर चलने वाली कई ट्रेनों में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान अनाधिकृत रूप से यात्रा कर रहे 323 यात्रियों पर जुर्माना लगाया गया। मऊ से गुजरने वाली लिच्छवी, दादर, गोदान, ताप्ती गंगा, इंटरसिटी एक्सप्रेस सहित पैसेंजर ट्रेनों में चले अभियान को लेकर यात्रियों में हड़कंप मचा रहा। पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के सहायक वाणिज्य प्रबंधक जंग बहादुर राम के नेतृत्व में बुधवार को चेकिंग की गई। जिसमें बिना टिकट यात्रा कर रहे, बिना बुक किए सामान एवं पैसेंजर का टिकट लेकर अनाधिकृत रूप से यात्रा कर रहे 323 यात्रियों से जुर्माना के तौर पर एक लाख 87 हजार 970 रुपए वसूले गए। चेकिंग करने वाली टीम में अरुण कुमार, मारूफ खान, अभिमन्यु, राजेंद्र, प्रियंका पटेल, नौशाद समेत कई टीटी और आरपीएफ के जवान मौजूद रहे।