कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में जिलाधिकारी ज्ञानप्रकाश त्रिपाठी की अध्यक्षता में सोमवार को चुनाव की तैयारियों के संबंध में बैठक हुई। इसमें सभी को जिला निर्वाचन अधिकारी ने प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को बताया कि आदर्श आचार संहिता में कोई राजनीतिक पार्टी या प्रत्याशी ऐसा कोई काम नही करेगी जिससे दोनो समुदायों के मतभेद को बढ़ावा मिले। वोट पाने के लिए किसी भी स्थिति में जाति या धर्म आधारित अपील नहीं की जा सकती। मस्जिद, चर्च, मंदिर या दूसरे धार्मिक स्थल का इस्तेमाल चुनाव प्रचार के मंच के तौर पर नही किया जा सकता है। सरकारी बंगले का इस्तेमाल चुनाव मुहिम के दौरान नहीं किया जा सकता। प्रचार के लिए सरकारी धन का इस्तेमाल नही किया जा सकता, सरकार, मंत्री या अधिकारी चुनाव के एलान के बाद मंजूर किए गये धन या अनुदान के अलावा अपने विवेक से कोई नया आदेश नहीं दे सकते। इसी तरह जिलाधिकारी द्वारा आदर्श आचार संहिता के बारे में सभी बिन्दुओं पर प्रशिक्षण दिया गया।प्रशिक्षण में अपर जिलाधिकारी डीपी पाल, अपर पुलिस अधीक्षक एसके श्रीवास्तव, उप निदेशक कृषि एसपी श्रीवास्तव , जिला सूचना विज्ञान अधिकारी विनोद बद्री, उप जिलाधिकारी मुहम्मदाबाद गोहना अतुल वत्स, उप जिलाधिकारी सदर अंकुर लाठर, सभी क्षेत्राधिकारी, वरिष्ठ कोषाधिकारी मनीष कुमार कुशवाहा एवं निर्वाचन व्यय मानिंटरिंग टीम,सभी खण्ड विकास अधिकारी , सीओ , प्रभारी निरीक्षक अधिकारी उपस्थित रहे।