कोपागंज। ग्राम स्वराज अभियान की शुरुआत स्थानीय ब्लाक क्षेत्र के खुखुंदवा में जिलाधिकारी प्रकाश बिंदु ने शनिवार को किया। उन्होंने बताया कि इस ब्लाक के आठ गांवों को इस अभियान के लिए चयनित किया गया है। मुख्य विकास अधिकारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है।इसमें 16 कार्यक्रमों को शामिल किया गया है। ये सभी कार्यक्रम नोडल अधिकारी के देख रेख में संचालित किए जाएंगे। डीएम ने इस मौके पर कहा कि इस गांव में 296 शौचालयों में से 97 शौचालय पूर्ण कर लिए गए हैं, शेष पर कार्य चल रहा है ,उन्हें भी जल्द पूर्ण कर लिया जाएगा।डीएम ने संबंधित अधिकारियो को निर्देशित किया कि अधूरे कार्यो को जल्द पूर्ण कर रिपोर्ट प्रेषित करें। शनिवार को आंबेडकर जयंती पर पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत गोद लिए गांव खुखुंदवा में जिलाधिकारी प्रकाश बिंदु के आने की खबर मिलते ही गांव वासी खुशी में थे तो संबंधित अधिकारियों की सांसें थमीं थीं कि कहीं कोई कमी न निकल जा।जिलाधिकारी ने सर्वप्रथम बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला।उन्होंने कहा कि 14 अप्रैल से 5 मई तक ग्राम स्वराज अभियान चलाया जाएगा।कोपागंज ब्लॉक के देवकली,पारा मुबारकपुर,ढेकवारा,खुखुंदवा,अब्बूपुर, बुढ़ावे,फैजुल्लाहपुर, जयराम गढ़ को इस के लिए चयनित किया गया है।इन गांवों में 50प्रतिशत से ऊपर अनुसूचित जाति एवम अनुसूचित जनजाति की जनसंख्या है, उन गांवों को ग्राम स्वराज अभियान में शामिल किया गया है।इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी विजय शंकर राय, उप जिला अधिकारी कुमार हर्ष,मुख्य चिकित्साधिकारी डा.एससी सिंह ,तहसीलदार मिथिलेश तिवारी,एडीओ पंचायत शीत सिंह,ग्राम विकास अधिकारी, कई गांवों के प्रधान एवं जनता उपस्थित थी।