विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में घोसी ब्लॉक के सभागार में मंगलवार को विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। इसमें लोगों को उनके विधिक अधिकार एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया गया। प्राधिकरण के सचिव शिव कुमार ने कहा कि आपसी सुलह समझौते से ही विवाद को दोनों पक्षों द्वारा हल कर लेना चाहिए। उपजिलाधिकारी घोसी टीपी वर्मा ने कहा कि गांव के अधिकतम समस्याएं खेत के मेड़, डाड़ को लेकर है इसलिए चाहिए कि दोनों ही पक्ष अपने खेतों का निर्धारित प्रारूप पर आवेदन करके पैमाइश करा लें। ताकि झगड़े की जड़ ही समाप्त हो जाए। तहसीलदार घोसी श्रीप्रकाश गुप्ता ने भी भूमि के ख़ारिज दाखिल के संबंध में विस्तार पूर्वक बताया। खंड विकास अधिकारी मनोज कुमार वर्मा ने कहा कि जन्म प्रमाण पत्र और मृत्यु प्रमाण पत्र को निर्धारित समय के अंदर प्राप्त करने के साथ ही उसमें होने वाले परिवर्तनों को भी समय से कराएं। अधिवक्ता अनिल कुमार मिश्रा ने भी विधिक जानकारी देते हुए कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने को कहा।इस अवसर पर विनोद कुमार, ग्राम प्रधान कालिका चौहान, बन्ने खां, ग्राम विकास अधिकारी राजन सिंह, रानी यादव, संजय सिंह, गोपाल सिंह, मुन्ना ,मुकेश गुप्ता आदि उपस्थित रहे।