सूरजपुर(मऊ)। क्षेत्र के ग्राम पंचायत कुंवरपुरवा में नौ दिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा के सातवें दिन गुरुवार की शाम श्रीमद्भागवत कथा की महिमा का वर्णन किया गया। भीषण ठंड के बीच भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ कथा सुनने पंडाल में जुटी रही। अयोध्या नगरी से आए कथावाचक मणिराम जी महराज ने वर्णन करते हुए बताया कि भागवत कथा सुनने से मानव जीवन सुखमय हो जाता है। हर एक इंसान को सुखमय जीवन बनाने के लिए भक्ति-भजन में कुछ समय लगाना चाहिए। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीला, पूतना वध, कालिया मर्दन, गोबर्धन व कंस वध की कथा सुनाकर श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया। कथा में प्रधान रंजना सिंह, अर्पित पांडेय द्वारा पूजन-अर्चन किया गया। इस अवसर पर रविन्द्र सिंह, डिम्पल श्रीवास्तव, संजय सिंह, शैलेश मौर्य, हेमंत सिंह आदि उपस्थित रहें।