कलेक्ट्रेट सभागार में यू डायस की बैठक को संबोधित करते बीएसए डा.संतोष कुमार सिंह।संवाद
- फोटो : MAU
मऊ। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में यू-डायस 2021-22 के संबंध में प्रथम बैठक हुई। जिसमें 2928 विद्यालयों को अपने लॉगिन से यू डायस डाटा भरने का निर्देश दिया गया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. संतोष कुमार सिंह ने कहा कि यू-डायस प्लस पोर्टल पर यू-डायस कोड से आच्छादित 2928 विद्यालय अपने-अपने लॉगिन पासवर्ड से यू डायस डाटा भरेंगे। डाटा 30 सितंबर, 2021 के अनुसार भरा जाएगा। जनपद स्तर पर ईएमआईएस इंचार्ज सुधांशु सिंह इसके लिए सहायता करेेंगे। ब्लॉक स्तर पर कार्यरत कंप्यूटर आपरेटर तथा विद्यालय स्तर के लिए शिक्षक संकुल को नामित किया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला समन्वयक, जिला अल्प संख्यक कल्याण अधिकारी द्वारा यू-डायस 2021-22 में डाटा समय पूर्ण करने एवं पूर्ण सहयोग के लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को आवश्वासन दिया गया। बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी अनुज कुमार, सीबीएसई, विद्यालयों के प्रधानाध्यापक के साथ-साथ सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी, समग्र शिक्षा, समस्त जिला समन्वयक समग्र शिक्षा, समस्त खंड शिक्षा अधिकारी, ईएमआईएस इंचार्ज आदि शामिल रहे।