मऊ। जनपद की सभी चार तहसील में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया। जहां अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। कुछ मामलों का निस्तारण कर अन्य के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों का निर्देशित किया। संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी अरुण कुमार सदर तहसील में मौजूद रहे।
तहसील सदर में संपन्न संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान कुल 104 शिकायतें आई, जिनमें से 5 शिकायतों का तत्काल निस्तारण किया गया एवं 3 शिकायतों के तत्काल निस्तारण हेतु मौके पर टीमों को भेजा गया। संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान कुल प्राप्त शिकायतों में सर्वाधिक राजस्व विभाग के 52, पुलिस विभाग के 25, ग्राम्य विकास विभाग से 17 तथा शेष अन्य विभागों से संबंधित थे।
शिकायतकर्ता रविंद्र ग्राम देवकली बिशनपुर, विकासखंड कोपागंज द्वारा 2020 से राशन न मिलने, परिवार के सदस्यों का नाम काटने पर पूर्ति निरीक्षक शरद सिंह के समक्ष बार-बार शिकायत करने के बावजूद उसका निस्तारण न किए जाने पर जिलाधिकारी ने पूर्ति निरीक्षक शरद सिंह को प्रतिकूल प्रविष्टि जारी करने के निर्देश दिए। संपूर्ण समाधान दिवस पर जन सुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडेय, उप जिलाधिकारी सदर आनंद कनौजिया, तहसीलदार उमेश कुमार सिंह, सीओ सिटी शीतला प्रसाद पांडेय सहित समस्त जनपद एवं तहसील स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
घोसी तहसील के सभागार में उपजिलाधिकारी सुमित सिंह की अध्यक्षता में कुल 76 जन शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से चार का निस्तारण हुआ। उपजिलाधिकारी ने सभी संबंधित से समय सीमा के अंदर गुणदोष के आधार पर निस्तारण का निर्देश दिया। उपजिलाधिकारी सुमित सिंह ने उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों से कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस के साथ अन्य कार्यालयों, पोर्टल से प्राप्त जनशिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मौके पर जाकर सभी पक्षों को सुनकर निस्तारण करें।
मधुबन तहसील सभागार में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस में सीडीओ प्रशांत नागर व एसडीएम अवधेश कुमार चौहान ने फरियादियों की जनसमस्याएं सुनीं। कुल 55 शिकायतें आईं, मात्र चार शिकायतों का निस्तारण हो सका। सीडीओ ने समय अवधि में पारदर्शिता के साथ लंबित शिकायतों का निस्तारण करने के लिए संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिए। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांचकर मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए। इस दौरान सीओ अभय कुमार सिंह, बीडीओ दिवाकर सिंह, एसडीओ गिरीश चंद समेत संबंधित विभागीय अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
मुहम्मदाबाद गोहना तहसील सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन उप जिलाधिकारी हेमंत चौधरी की अध्यक्षता में किया गया। इसमें विभिन्न समस्याओं से संबंधित 54 लोगों ने शिकायती पत्र दिया। प्राथमिकता के आधार पर 4 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष को संबंधित विभाग के अधिकारियों को भेज दिया गया। अधिकांश शिकायतें राजस्व विभाग से संबंधित थी। पैमाइश अवैध कब्जा और वरासत आदि समस्याओं के साथ आपूर्ति विभाग और चकबंदी विभाग से संबंधित समस्याएं शिकायती पत्र दिए गए।