स्थानीय कोतवाली के मधुबन मोड़ के पास से पुलिस ने रविवार को पशु तस्करी व 25 हजार के इनामी अपराधी को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में चालान कर दिया। थाना प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया कि पुलिस द्वारा वांछित, संदिग्ध व्यक्तियों और जिला बदर के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। रविवार को गस्त के दौरान घोसी पुलिस और स्वाट टीम मुखबिर की सूचना पर घोसी कस्बा के मधुबन मोड़ पर पहुंची। जहां एक व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस उसे पकड़कर थाने ले आई। पूछताछ में उसने अपना नाम जौनपुर जिले के सुइठाकला थाना के सरपतहा निवासी श्यामलाल बिंद बताया। श्यामलाल बिंद पशु तस्करी और गोवध के आरोप में कई महीनों से फरार चल रहा था। उसने बताया कि वह देवरिया जिले के सलेमपुर कोतवाली में नशीले पदार्थों की तस्करी में जेल जा चुका है।