घोसी। बहला फुसलाकर मोबाइल से 2.5 लाख रुपये भेजने के मामले में पुलिस ने मंगलवार की शाम आर्यन राय के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। दोहरीघाट थाना क्षेत्र के फरसरा खुर्द गांव निवासी सुनीता राय द्वारा दर्ज कराए गए मुकदमे के अनुसार फोरलेन में जमीन अधिग्रहण के बाद उन्हें पैसा मिला था। गांव के ही आर्यन राय ने उनके बेटे को बहला फुसलाकर मोबाइल ले लिया और यूपीआई के माध्यम से 2.5 लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कर लिया। गांव के प्रतिष्ठित लोगों के सामने पैसा वापस करने के लिए सुलह भी हुआ लेकिन पैसा नहीं मिला। मांगने पर गाली देते हुए जान से मारने की धमकी दे रहा है। थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।