मऊ। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत कलेक्ट्रेट परिसर में मंगलवार को जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज राय के नेतृत्व में 217 जोड़ों की एक पंडाल में एक साथ शादी कराई गई। शुभारंभ गौतम बुद्ध एवं डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया।
कुल होने वाले विवाह में पांच जोड़े मुस्लिम समुदाय के रहे। समाज कल्याण अधिकारी द्वारा नव विवाहित जोड़ों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार राय ने कहा कि 2017 में भाजपा की सरकार उत्तर प्रदेश में बनी तो सबसे पहले समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं को पहुंचाने का प्रयास किया गया। बताया कि एक पंडाल में इतनी बड़ी संख्या में विवाह का आयोजन किया जाना बहुत ही बड़ा कार्य है।
जिलाध्यक्ष भाजपा नूपुर अग्रवाल ने बताया गया कि प्रदेश सरकार द्वारा आर्थिक रूप से गरीब परिवार की बेटियों की शादी कराई जा रही है। गोरखपुर क्षेत्रीय महामंत्री सुनील गुप्ता ने बताया कि सरकार द्वारा बेटी के शादी के लिए 51 हजार रुपये का अनुदान दिया जाता है। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के पंजीकृत कलाकार बृजराज चौहान एवं मंजू सरोज द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम के दौरान अपर जिलाधिकारी सत्यप्रिय सिंह, उपयुक्त स्वत: रोजगार व खंड विकास अधिकारी परदहां सरिता गुप्ता, वरिष्ठ लिपिक परदहां राजेश कुमार, लेखाकार समाज कल्याण अरुण कुमार सहित समस्त एडीओ पंचायत समाज कल्याण सहित संबंधित कर्मचारी एवं अभिभावक उपस्थित रहे।
कन्या के खाते में भेजा जाता है 35 हजार रुपया
मऊ। जिला समाज कल्याण अधिकारी अनुज कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत 35 हजार रुपये की धनराशि कन्या के खाते में भेजी जाती है। तथा दस हजार रुपये की धनराशि से बर्तन, पायल, पंखा, ट्रॉली बैग, घड़ी, साड़ी इत्यादि सामग्री दी जाती है, तथा छह हजार रुपये की धनराशि से टेंट, सजावट एवं खानपान इत्यादि इस तरह से कुल 51 हजार रुपये एक जोड़े पर प्रदेश सरकार द्वारा खर्च किया जा रहा है।
पूरे वर्ष के लिए 1300 जोडों की शादी का लक्ष्य
मऊ। जिला समाज कल्याण अधिकारी अनुज कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह के लिए जनपद को 1300 जोड़ों की शादी के लिए लक्ष्य प्राप्त हुआ है। अभी तक विभाग का कुल 580 आवेदन मिल चुका है। मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में कुल 217 जोडों की शादी कराई गई है। आने वाले अन्य आवेदन की जांच चल रही है। बताया कि अगले माह 11 दिसंबर को भी मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह का आयोजन किया जाएगा।
अव्वल रहा घोसी ब्लॉक, कोपागंज से मात्र 13 जोड़े शामिल
मऊ। जिला समाज कल्याण अधिकारी अनुज कुमार ने बताया कि 232 आवेदन प्राप्त हुए। इसमें विकास खंड परदहां से 14, कोपागंज से 13, घोसी से 33, दोहरीघाट से 29 फतेहपुर मंडाव से 30, रतनपुर से 28, रानीपुर से 23 मोहम्मदाबाद गोहाना से 30 तथा नगर पंचायत अमिला से 03, कोपागंज से 02, मऊ नाथ भंजन से 11 एवं नगर पंचायत घोसी से 01 इस तरह से कुल 217 जोड़ों की शादी कराई गई।