शिक्षा क्षेत्र रानीपुर के प्राथमिक विद्यालय नेवादा की प्रधानाध्यापिका मीरा सिंह के नेतृत्व में सोमवार को मतदाता जागरुकता और स्कूल चलो रैली निकाली गई। रैली में जागरूक करने और मत प्रतिशत बढ़ाने का आह्वान किया गया। साथ ही अभिभावकों से अपने बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजने का आग्रह किया गया। रैली में सैकड़ों छात्र, छात्राओं द्वारा हाथ मे बैनर लेकर स्कूल चलो अभियान व मतदान के लिए प्रेरित किया गया और अनिवार्य रूप से मतदान करने व बच्चों को स्कूल भेजने के लिए शपथ दिलाई गई। इस दौरान जहां छोटे बच्चों को मतदान के बारे मे जानकारी दी गई तो वहीं युवाओं को मतदान के लिए प्रेरित किया गया। मीरा सिंह ने कहा कि 19 मई को घोसी लोकसभा क्षेत्र में मतदान होना है ,इस लिए सभी लोग मतदान करें और देश को सशक्त राष्ट्र निर्माण में भागीदार बनें। इस मौके पर मुख्य रूप से सभी शिक्षक, विजय प्रताप, अजय कुमार सिंह, लालमणि भारती सोनी गुप्ता आदि लोग मौजूद रहे।