इंदारा। इंदारा रेलवे स्टेशन परिसर स्थित में अवैध रुप से बनी दुकानों को शुक्रवार को रेलवे सुरक्षा बल ने हटवा दिया। आरपीएफ ने इंदारा रेलवे स्टेशन के समीप अवैध रुप से बनी दुकानों को हटाने का नोटिस एक सप्ताह पहले दे दिया था। इसमें कहा गया था कि लोग अपनी दुकान और टैंपू, जीप रेलवे परिसर से हटा लें। इससे रेल कर्मचारियों से लेकर यात्रियों तक को दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। बता दें कि इंदारा परिसर में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ आरपीएफ के जवानों ने शुक्रवार को अभियान चलाया। इसके चलते अवैध अतिक्रमकारियों में हड़कंप की स्थिति रही। इंदारा रेलवे स्टेशन परिसर में अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए सीनियर सेक्शन इंजीनियर एके श्रीवास्तव के नेतृत्व में शुक्रवार को इंदारा मिशन मोड़ स्थित रेलवे परिसर से अतिक्रमण हटाया गया। इस दौरान गुमटी, झोपड़ी, ठेला, खोमचे वालों को को हटाया गया। अधिकारियों की ओर से की गई इस कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में अफरातफरी का माहौल रहा। दुकानों के हट जाने से दुकानदारों के परिवारो में रोजीरोटी के लाले पड़ गये हैं। इस मौके पर पीडब्लूआई एसएन मिश्रा, आरपीएफ चौकी प्रभारी सुधीर राय, रत्नाकर राय, एके श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।