मधुबन। विकास खंड फतेहपुर मंडाव अंतर्गत ग्रामसभा दुबारी का निरीक्षण शनिवार को जिलाधिकारी द्वारा करना है। ऐसे में शुक्रवार को गांव को चमकाने में सफाई कर्मचारी और अधिकारी जुटे रहे। इस दौरान गांव की गलियों की साफ सफाई के लिए सौ से ज्यादा सफाईकर्मी लगाए गए थे। इसके अलावा प्राथमिक विद्यालय पर स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी विकलांग प्रमाण पत्र बनाने में जुटे थे, तो जल निगम विभाग लीकेज ठीक करने में जुटा था। इसीक्रम में जिला प्रोबेशन अधिकारी और कर्मचारी पेंशन खाते में भेजवाने के लिए सक्रिय दिखे। एसडीएम निरंकार सिंह और बीडीओ देव कुमार चतुर्वेदी ने घूमकर सारे गांव का जायजा लिया। इस अवसर पर ग्रामप्रधान रंजना सिंह ने सभी अधिकारियों को गांव के हालात से अवगत कराती रही।