बिजली विभाग द्वारा दुबारी कस्बे में बिजली आपूर्ति के 400 केवीए का ट्रांसफार्मर ग्राम पंचायत के महावीर स्थान पर स्थापित किया गया है। लेकिन ट्रांसफार्मर पुराना तथा ओवरलोडिंग होने के चलते आए दिन खराब हो जाता है। इससे दुबारी ग्राम सभा के कोट मुहल्ला, बसहरिया हरिजन बस्ती, महावीर पुरवा, मोर्चा पार सहित कई पुरवों में बिजली गुल हो जाती है। यहीं नहीं जहां बिजली रहती भी है वहां लो वोल्टेज की समस्या बनी रहती है। इस संबंध में कल्पनाथ शर्मा, लक्ष्मी सिंह, जयराम गोड़, दिनेश शर्मा, उमेश शर्मा, देवेंद्र कन्नौजिया का कहना है कि ओवरलोड के चलते अक्सर ट्रांसफार्मर खराब रहता है। लेकिन शिकायतों के बाद ना तो इसे दुरुस्त कराया जा रहा है ना ही बदला जा रहा है। चेताया कि बिजली विभाग द्वारा जल्द ही समस्या का निस्तारण नहीं किया गया तो विभागीय अधिकारियों का घेराव किया जाएगा। इस बाबत अवर अभियंता अच्छे लाल का कहना है कि उपभोक्ता 1912 पर शिकायत दर्ज करा दें। शिकायत के बाद नया ट्रार्सफार्मर लग जायेगा और समस्या समाप्त हो जायेगी।