चिरैयाकोट। थाना क्षेत्र के सरौदा गांव के पास शनिवार की सुबह एक स्कूली बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में चालक और शिक्षिका सहित आठ लोग घायल हो गए। शेष बच्चे बाल बाल बच गए। थाना क्षेत्र स्थित बालकृष्ण पब्लिक स्कूल शेरपुर सेचुई की स्कूली बस सुबह आठ बजे बच्चों को विभिन्न स्थानों से लेकर स्कूल जा रही थी। सरौंदा गांव स्थित पोखरे के पास अचानक बस की स्टेयरिंग फेल हो गई और वह अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। बस में 25 बच्चे और शिक्षिका सवार थी। दुर्घटना में शिक्षिका सरौंदा गांव निवासिनी आशा सिंह पत्नी जितेन्द्र सिंह ,चालक फूलबदन पुत्र चीथरु तथा श्रेयाँश (6 ) पुत्र बृजेश यादव, हंस (6 ) पुत्र विशाल यादव , साहिर (10) पुत्र राजकुमार , दीपाँशु (8 ) सहित आठ लोग घायल हो गए । शिक्षिका आशा सिंह और बालक श्रेयाँश को गम्भीर चोटें आई। घायलों का निजी अस्पताल में इलाज कराया गया।