़मधुबन थाना क्षेत्र के दुबारी ग्राम सभा के देवारा क्षेत्र में एक किसान के गेहूं की खड़ी फसल को मनबढ़ों ने कीटनाशक का छिड़काव कर बर्बाद कर दिया। रविवार को जानकारी होने पर पीड़ित किसान ने थाने में गांव के चार लोगों को नामजद आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पुलिस को सौंपी तहरीर के अनुसार दुबारी गांव निवासी राम मिलन सिंह पुत्र स्व. शिवनाथ सिंह ने बताया कि रविवार को वह अपने देवारा स्थित खेत पर गया, जहां तैयार गेहूं की फसल पूरी तरह से मुरझाई और झुलसी मिली। इस पर उसके द्वारा गांव के कुछ लोगों से जब बुलाकर फसल दिखाया तो पता चला कि किसी ने उसकी फसल को बर्बाद करने की नीयत से ज्वलनशील कीटनाशक का छिड़काव किया। घटना के बाद किसान ने थाने में गांव के चार लोगों को आरोपित करते हुए तहरीर दी। खबर लिखे जाने तक पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया है।