मऊ। कटिया फंसाकर अवैध रूप से विद्युत का उपयोग करने वालों के विरुद्ध विद्युत विभाग की ओर से एफआईआर कराने, नये विद्युत कनेक्शन देने, विद्युत भार में वृद्धि करने तथा बकायेदार उपभोक्ताओं से राजस्व वसूली के लिए 100 दिवसीय चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। यह जानकारी अधीक्षण अभियंता एस प्रसाद ने देते हुए बताया कि प्रदेश सरकार एवं उप्र पावर कारपोरेशन द्वारा जनपद में 100 दिवसीय चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसमें कटिया कनेक्शन से विद्युत प्रयोग करने वालों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश हैं। इस अभियान में नये विद्युत कनेक्शन दिए जा रहे हैं। जबकि स्वीकृत क्षमता से अधिक बिजली का उपयोग करने वाले उपभोक्ताओं के विद्युत भार बढ़ाए जाएंगे। साथ ही बकायेदार उपभोक्ताओं से राजस्व वसूली की जाएगी। बकाये का भुगतान न करने वालों के कनेक्शन काटकर आरसी जारी कर दी जाएगी। अधीक्षण अभियंता ने लोगों का आह्वान किया है कि जो लोग बिना कनेक्शन लिए ही विद्युत का उपयोग कर रहे हैं, वो तत्काल विद्युत कनेक्शन ले लें। ऐसा नहीं करने पर ऐसे लोगों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करा दी जाएगी।